पंचतत्व में विलीन हुए सपा संस्थापक मुलायम सिंह

पंचतत्व में विलीन हुए सपा संस्थापक मुलायम सिंह

दी न्यूज़ एशिया समाचार सेवा।

पंचतत्व में विलीन हुए सपा संस्थापक मुलायम सिंह

अखिलेश यादव ने दी मुखाग्नि

लखनऊ।
पूर्व रक्षामंत्री व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का मंगलवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। इटावा के सैफई मेला ग्राउंड में बने पंडाल में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार हुआ। उनके बेटे और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी।
मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई बड़े राजनेता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अपने लोक प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने के लिए सैफई के मेला ग्राउंड में लोगों की भारी भीड़ एकत्र रही। पार्टी समर्थकों और मुलायम सिंह को चाहने वाले लोगों के चेहरे पर उनसे बिछड़ने का गम साफ महसूस किया जा सकता था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भले ही आज सैफई में मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उनकी तरफ से नेताजी की पार्थिव देह पर पुष्पचक्र समर्पित किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सैफई के मेला ग्राउंड में मुलायम सिंह यादव की पार्थिव देह का अंतिम दर्शन किया। उनकी तरफ से पुष्पचक्र भी समर्पित किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ की तरफ से भी सेना के जवानों ने पूर्व रक्षा मंत्री की पार्थिव देह पर पुष्पचक्र चढ़ाया।
नेताजी के अंतिम दर्शन के लिए समाजवादी पार्टी के नेता मनोज कुमार पांडेय, रामगोविंद चौधरी, अम्बिका चौधरी तथा ओम प्रकाश सिंह भी पहुंचे। राष्ट्रीय लोकदल से राज्यसभा के सदस्य जयंत चौधरी तथा उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने भी उनका अंतिम दर्शन किया। किसान नेता राकेश टिकैत तथा योग गुरु बाबा रामदेव ने भी मुलायम सिंह यादव को नमन किया।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ ही कैबिनेट मंत्री डा. संजय निषाद ने सैफई मेला मैदान में बने अंत्येष्टि स्थल पर समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पार्थिव देह का अंतिम दर्शन किया। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सदस्य संजय सिंह भी उनके साथ थे। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तेलुगु देशम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू मंगलवार को दोपहर में इटावा के सैफई पहुंचे। उन्होंने पंडाल में जाकर समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का अंतिम दर्शन किया। इस दौरान वह काफी भावुक हो गए। लोकसभा में मुलायम सिंह यादव के संबोधन से नायडू काफी प्रभावित रहते थे।
महोत्सव मंच पर उनके पार्थिव शरीर को रखा गया। रथ पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव, पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव भी साथ में थे।

रक्षामंत्री से लेकर बाबा रामदेव और अभिषेक बच्चन तक पहुंचे
अंतिम संस्कार में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे, एनसीपी चीफ शरद पवार, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, सांसद वरुण गांधी समेत देश के कई दिग्गज नेता पहुंचे।
फिल्म अभिनेता अभिषेक बच्चन अपनी मां और समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन के साथ मुलायम सिंह यादव को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए पैतृक गांव सैफई पहुंचे। उद्योगपति अनिल अंबानी, योग गुरु बाबा रामदेव ने भी पूर्व सीएम को श्रद्धांजलि दी।