मुख्तार अंसारी के करीबी भीम सिंह पर कसा शिकंजा

मुख्तार अंसारी के करीबी भीम सिंह पर कसा शिकंजा

दी न्यूज़ एशिया समाचार सेवा ।  

मुख्तार अंसारी के करीबी भीम सिंह पर कसा शिकंजा
गाजीपुर से लखनऊ तक चार करोड़ की संपत्ति कुर्क

गाजीपुर ।बाहुबली पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी के करीबियों पुलिस-प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। अवैध निर्माणों को ध्वस्त कराने के साथ ही संपत्तियों को कुर्क किया जा रहा है। सोमवार को मुख्तार के करीबी भीम सिंह की गाजीपुर के बबेड़ी स्थित तीन बिस्वा भूमि और लखनऊ स्थित एक प्लॉट एवं फ्लैट को कुर्क कर लिया गया।
इन तीनों संपत्तियों का वर्तमान समय में बाजार मूल्य करीब चार करोड़ रुपये है। इस कार्रवाई से मुख्तार गैंग के सदस्यों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। पुलिस अक्षीक्षक रोहन पी बोत्रे ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत मुख्तार अंसारी गैंग के सदस्य भीम सिंह के खिलाफ कार्रवाई हुई है।
करंडा थाना क्षेत्र के रामनाथपुर गांव निवासी भीम की बबेड़ी में स्थित भूमि की मुनादी कर कुर्की की गई। राजस्व विभाग के मुताबिक उक्त भूमि की कीमत 30 लाख 48 हजार रुपये है और वर्तमान बाजार मूल्य करीब एक करोड़ 10 लाख रुपये है। इसके अलावा गाजीपुर पुलिस की दो टीमों द्वारा लखनऊ स्थित एक प्लॉट और एक फ्लैट, जिसकी अनुमानित कीमत दो करोड़ 65 लाख रुपये, को भी कुर्क किया गया। गाजीपुर एसपी रोहन पी. बोत्रे ने बताया कि गैंगस्टर के मुकदमे लगातार पंजीकृत किए जा रहे हैं। मुख्तार अंसारी और उसके गैंग के सदस्यों के खिलाफ लगातार कार्रवाई चल रही है।
भीम सिंह के खिलाफ दर्ज हैं 35 से अधिक मुकदमे
मुख्तार अंसारी गिरोह के कुख्यात सदस्य भीम सिंह ने अवैध रूप से अचल संपत्तियों को अर्जित किया था। पुलिस ने छानबीन में पाया कि कई संगीन धाराओं में नामजद भीम सिंह के पास अचल संपत्ति अर्जित करने का कोई वैध स्रोत नहीं था। भीम सिंह के खिलाफ नगर कोतवाली के अलावा करंडा, सैदपुर, वाराणसी और चंदौली में 35 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।