कर्मचारियों का वेतन नहीं मिला तो करेंगे धरना प्रदर्शन

कर्मचारियों का वेतन नहीं मिला तो करेंगे धरना प्रदर्शन

सरधना। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस संगठन की एक बैठक सोमवार को शाखा अध्यक्ष शुगनचन्द धिगान के आवास पर हुई। अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय सचिव महिपाल वाल्मीकि, संचालन सोहन वीर टांक ने किया।

संगठन प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावरियां ने कहा कि कैंट बोर्ड मेरठ में वर्क सॉल्यूशन फर्म के संचालक मंयक चौधरी ने लगभग पांच माह पूर्व आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का ठेका लिया था। ठेकेदार द्वारा लगभग 600 कर्मचारी रखकर उनसे कार्य लिया जा रहा है। ठेकेदार द्वारा प्रत्येक कर्मचारी के वेतन से 4000 हजार रुपये अवैध कटौती जा रही है। संगठन व कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो ठेकेदार ने पांच माह से वेतन ही देना बंद कर दिया जिससे कर्मचारियों में रोष है। संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद बैचेन ने कहा कि देश में भ्रष्टाचार मुक्त, सबका साथ सबका विकास, सबका विश्वास वाली सरकार चल रही हैं, लेकिन ठेकेदार कर्मचारियों को पूरा वेतन नहीं दे रहा। कहा कि वेतन नहीं मिलने पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर महिपाल वाल्मीकि, विक्की पारचा, सोहनवीर सिंह आदि रहे।