एक सवाल और तू-तड़ाक पर उतर गए नीतीश कुमार, जानें क्यों दिल्ली में गर्मा गए बिहार के सीएम
bihar-CM-nitish-kumar-delhi

दी न्यूज़ एशिया समाचार सेवा।
आरसीपी का नाम सुनते ही नीतीश कुमार बौखला गए। नीतीश कुमार ऐसे बौखलाए कि सुनने और देखने वालों को भी कुछ देर तक समझ में नहीं आया कि आखिर हुआ क्या।
पटना. नीतीश कुमार दिल्ली में हैं। विपक्षी नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। बीजेपी के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने का प्रयास कर रहे हैं। चेहरे पर मुस्कान भी है तो कभी-कभी गुस्से से लाल भी हो जा रहे हैं। इस दौरान वे भाषायी और सियासी मर्यादाओं को भी तार-तार कर दे रहे हैं। दरअसल, मंगलवार को नीतीश कुमार पत्रकारों से बात कर रहे थे। इसी दौरान उनसे आरसीपी को लेकर एक सवाल पत्रकारों ने पूछ लिया। आरसीपी का नाम सुनते ही नीतीश कुमार बौखला गए। नीतीश कुमार ऐसे बौखलाए कि सुनने और देखने वालों को भी कुछ देर तक समझ में नहीं आया कि आखिर हुआ क्या।
दरअसल, आरसीपी सिंह मंगलवार सुबह ही दिल्ली से पटना आए थे। पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए आरसीपी नीतीश कुमार पर जमकर बरसे थे। उधर, नीतीश कुमार दिल्ली ताबड़तोड़ विपक्षी नेताओं से मिल रहे थे। सीपीआई के महासचिव डी राज से मिलकर बाहर निकल रहे तो मुस्कुरा रहे थे लेकिन जैसे ही पत्रकारों ने आरसीपी सिंह के बारे में सवाल किया, वो बौखला गए।
नीतीश ने क्या कहा
पत्रकारों के सवाल सुनते ही नीतीश कुमार ने कहा ‘धत्त… उसका क्या नाम ले रहे हैं, उ कौंची है? अरे क्या बात करते हैं आप लोग, आप लोगों को इ भी पता नहीं है उसको बनाया कौन राजनीति में, लाया कौन राजनीति में… उ तो आईएएस था, कौन बनाया था उसको अपना प्राइवेट सेक्रेट्री। हम कहां से कहां बनाए. छोड़िये न, उसको पार्टी में हम इतना दिए, और राजनीति में भी उसको जगह दिया। उसको अपनी जगह पर अध्यक्ष बना दिए, उ पूरा का पूरा भाजपा के हाथ में चला गया, तs उसको हटा दिए।’
तू-तड़ाक पर उतर गए बिहार सीएम
बिहार के मुख्यमंत्री यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा ‘उ क्या बोलता है, उसके बोलने का कोई मतलब है, उ कहां से राजनीति में आया, कौन लेकर आया। अब उ क्या-क्या बोलता रहता है। तरह-तरह की बात बोलता रहता है। उस आदमी के बारे में तो आपको लोगों को पूछना भी नहीं चाहिए। उसकी हैसियत क्या है? अरे उ बोलता है तो बोलने न दीजिए उसको। अरे सुन लीजिए, वो बीजेपी के अंदर था। अब उ चला गया, जाने दीजिए उसको। उसका क्या वैल्यू है? आप लोग ई सब छोड़िए। उसके बारे में चर्चा भी मत करिए।’
नीतीश का अंदाज देख डी राजा भी दिखे परेशान
आरसीपी के सवाल पर बौखलाए नीतीश कुमार के अंदाज देख थोड़ी देर के लिए ही सही, उनके साथ खड़े सीपीआई के महासचिव डी राजा भी हैरान परेशान दिखे। डी राजा ने बीच में कुछ बोलने की कोशिश की लेकिन नीतीश कुमार चुप नहीं हुए। उसके बाद डी राजा ने बिहार सीएम को पकड़ा, तब जाकर नीतीश कुमार शांत हुए। इसके बाद नीतीश कुमार सीपीआई नेताओं से अपनी मुलाकात पर बात करने लगे।
आरसीपी ने क्या कहा था
दरअसल, पटना पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह मीडिया के सवालों पर मुंह बिचका-बिचकाकर अपने पूर्व बॉस की बखिया उधेड़ दी थी। आरसीपी सिंह ने नीतीश कुमार को खूब सुनाया। उन्होंने कहा कि राज्य में बाढ़ और सुखाड़ है, किसान पस्त हैं और नीतीश कुमार दिल्ली में मस्त हैं। ये विपक्षी एकता नहीं, पक्षी एकता है। आरसीपी ने कहा कि पटना में केसीआर आए उठ-बैठ होती रही। बिहार की जनता ने उनपर विश्वास किया और उन्होंने सबको धोखा दिया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पर उम्र हावी हो गया है। सिर्फ समय काट रहे हैं।
इस दौरान आरसीपी सिंह ने नीतीश कुमार पर निजी और तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को विकसित प्रदेश बनाने के लिए जनता ने जनादेश दिया लेकिन वे दिल्ली पहुंचे हुए हैं। उन्होंने खुद के बारे में कहा कि मैं किसी का एजेंट नहीं हूं, मेरा बैकग्राउंड पता है सबको। जिसके साथ रहता हूं पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ रहता हूं। प्रधानमंत्री का उम्मीदवार बनने में क्या दिक्कत है लेकिन धोखा किसे दे रहे हैं?
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने क्या किया है, किसी प्रदेश के लिए? आंध्रप्रदेश के लिए तमिलनाडु के लिए पंजाब के लिए क्या किया है? यह विपक्षी पार्टियों के उम्मीदवार कैसे हो सकते हैं? नीतीश कुमार समय काट रहे हैं। जनता दरबार कर रहे हैं। 17 सालों में आज तक कोई ऐसी व्यवस्था नहीं हुई कि गांव में और थानों में समस्या का समाधान हो। नीतीश कुमार जनता दरबार का खर्च बताएं, व्हाइट पेपर लेकर आएं। आरसीपी ने कहा कि एक चीज के लिए जनता इन्हें मेडल देगी, इधर से उधर आने जाने के लिए।