सरकार आंगनबाड़ी केन्द्रों की संख्या में कर रही इजाफा : सोमेन्द्र तोमर

सरकार आंगनबाड़ी केन्द्रों की संख्या में कर रही इजाफा : सोमेन्द्र तोमर

दी न्यूज एशिया समाचार सेवा

सरकार आंगनबाड़ी केन्द्रों की संख्या में कर रही इजाफा : सोमेन्द्र तोमर
 बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सम्मानित
मेरठ, 30 मार्च 2023। चौधरी चरण विश्वविद्यालय के सुभाष चंद्र प्रेक्षागृह में बुनियादी साक्षरता एवं अंकीय दक्षता प्राप्त करने के लिए पूर्व प्राथमिक शिक्षा के सार्वभौमिक संबंध में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में राज्य मंत्री सोमेन्द्र तोमर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ व हर ब्लॉक से दस  आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। “हमारा आंगन, हमारे बच्चे”  कार्यक्रम की थीम रही।
  कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री सोमेन्द्र तोमर ने कहा - सरकार हर स्तर पर शिक्षा स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिये प्रयास कर रही है। इसके लिए लगातार कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा- स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कोरोना काल में तमाम जोखिमों को दरकिनार करते हुए काम किया। उन्होंने कहा - जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों की संख्या में बढ़ोतरी की जा रही है। पूर्व में खुले आंगनबाड़ी केन्द्रों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है।  
      इस अवसर पर  जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने बताया विभाग की ओर से जिले में पोषण एवं एनीमिया के स्तर में कमी लाने के उद्देश्य से पोषण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य एवं पोषण के बारे में लोगों जागरूक करना है। उन्होंने बताया- जिले में 55 प्राथमिक विद्यालयों के प्रांगण में 55 आंगनबाड़ी केन्द्रों का निर्माण का कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त पूर्व के आंगनबाड़ी केन्द्रों पर सक्षम योजना के तहत आंतरिक विद्युतीकरण कराया जा रहा है।
  उन्होंने बताया - जिले में पोषण पखवाड़ा 2023 मनाया जा रहा है, जिसकी थीम है- सभी के लिए पोषण एक साथ, स्वस्थ भारत की ओर। उन्होंने बताया - इस वर्ष पोषण पखवाड़ा में कुपोषण को दूर करने के लिए मोटे अनाज पर फोकस किया जा रहा है। 'श्री अन्न' -जिसे सभी अनाजों की जननी कहा जाता है, उसको लोकप्रिय बनाने पर जोर है। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर मोटे अनाज के बारे में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है  और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के अतिरिक्त स्वयं सहायता समूह, स्कूल अध्यापक, ग्राम प्रधान एवं पंचायत सदस्य, आशा, एएनएम व अन्य ग्रामवासी प्रतिभाग कर रहे हैं। इसमें मोटा अनाज श्री अन्न यथा ज्वार, बाजरा, रागी, चना, सांवा, कुट्टू के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
  इस अवसर पर प्रत्येक ब्लॉक की बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मान किया गया।   सहायक वित्त लेखाधिकारी मो. आमिर खान, रश्मि अहलावत जिला एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।