संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक केशव दीक्षित का निधन

संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक केशव दीक्षित का निधन

दी न्यूज़ एशिया समाचार सेवा।

संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक केशव दीक्षित का निधन
कोलकाता (एजेंसी)।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वयोवृद्ध स्वयंसेवक और अपना पूरा जीवन संघ को समर्पित करने वाले वरिष्ठ प्रचारक केशव राव दीक्षित का निधन मंगलवार सुबह हो गया है। वह 98 साल के थे। कोलकाता के अपोलो अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली है। उनके निधन से संघ परिवार और अनुषांगिक संगठनों में शोक की लहर पसर गई है।
उम्र जनित तमाम बीमारियों से ग्रसित केशव जी लंबे समय से अस्पताल में इलाजरत थे। सुबह 10:34 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली है। अस्पताल से उनका शव केशव भवन स्थित संघ के प्रदेश मुख्यालय लाया गया जहां संघ और अन्य संगठनों से जुड़े लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
एक अगस्त 1925 को महाराष्ट्र के वर्धा जिला अंतर्गत पुलगांव में जन्मे केशव जी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और समाज को समर्पित कर दिया था। 1939 के दिसंबर महीने में उनका उपनयन संस्कार हुआ था। 1949 में उन्होंने जलगांव के एमजे कॉलेज से मराठी और संस्कृत में स्नातक की डिग्री ली थी। खास बात यह है कि वह बाल्यकाल स्वयंसेवक रहे हैं। सिर्फ छह साल की अल्पायु में ही उन्होंने संघ की शाखाओं में आना जाना शुरू कर दिया था।
1931 में शाखा में उनका प्रवेश हुआ था। वह कोलकाता महानगर के प्रचारक के साथ ही प्रांत संपर्क प्रमुख, प्रांत प्रचारक, क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख और क्षेत्र प्रचारक जैसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को निभा चुके हैं। उनके निधन से पूरे संघ परिवार में शोक की लहर पसरी है।