कबाड़ बनेगा अब मेरठ का गहना 

कबाड़ बनेगा अब मेरठ का गहना 

दी न्यूज़ एशिया समाचार सेवा।

कबाड़ बनेगा अब मेरठ का गहना 

- चौराहों को कबाड़ से स्मार्ट बनाएगा निगम 

- कम बजट से बदल जाएगी चौराहों की तस्वीर 

30 अगस्त, मेरठ। क्या आपने कभी सोचा है कि कोई कबाड़ किसी शहर को सुंदर बनाने में मददगार साबित हो सकता है। जी हां, सुनने में तो यह  आपको बड़ा अजीब लग रहा होगा, लेकिन मेरठ के नगर निगम ने ये करके दिखाया है। दरअसल, मेरठ के 6 चौराहों को नगर निगम कबाड़ से सजा रहा है। इन चौराहों पर नगर निगम के गोदाम में पड़े खराब ठेलों की चैन, टायर और रॉड से फाउंटेन बनाये जा रहे हैं, जो इस शहर की खूबसूरती को बढ़ाएंगे।

 

गोदाम से कबाड़ निकाला, मेरठ को सजाया 

नगर निगम के गोदाम में पड़ा ये कबाड़ नगर निगम के लिए सिरदर्द बन रहा था। निगम के अधिकारी लगातार विचार कर रहे थे कि आख़िर इस कबाड़ का क्या किया जाए। लंबे विचार विमर्श के बाद आख़िर नगर निगम को इसका उपाय मिल ही गया। निगम अधिकारियों ने विचार किया कि इस कबाड़ से मेरठ को सुंदर बनाने की कोशिश की जा सकती है। इसके लिए उन्होंने फाउंटेन लगाने वाली एक कम्पनी से सम्पर्क किया और इस कम्पनी के साथ नगर निगम का सौदा भी पट गया, वो भी बहुत सस्ते में।

 

कम बजट से ही बदल दी चौराहों की तस्वीर 

इस कम्पनी ने निगम से कबाड़ में पड़े ठेलों की चैन, टायर, रॉड सहित अन्य सामान लेकर फाउंटेन बनाना शुरू कर दिया। कम्पनी ने पहला फाउंटेन गढ़ रोड स्थित गाँधी आश्रम चौराहे पर बनाया, जिसके लिए उसने नगर निगम से इस कबाड़ के साथ साथ 30 हज़ार रुपये भी लिये, लेकिन 30 हज़ार रुपये और इस कबाड़ ने तो मानो इस चौराहे का नक्शा ही बदल दिया हो। 

6 चौराहों को बनाया जाएगा स्मार्ट चौराहा 

नगर निगम के अधिशासी अभियंता निर्माण अमित शर्मा का कहना है कि गांधी आश्रम चौराहे पर हमने कबाड़ से चौराहे को खूबसूरत बनाने का प्रयोग करके देखा जो सफ़ल रहा। इस प्रयोग से कबाड़ का निस्तारण तो हो ही गया। साथ ही कम खर्चे में इतने खूबसूरत फाउंटेन का निर्माण भी हो गया। अब मेरठ में 5 स्थानों को और चिन्हित कर इसी तरह के फाउंटेन लगाए जाएंगे, जिससे शहर की खूबसूरती भी बढ़ेगी और पर्यावरण भी काफी शुद्ध होगा।