मेरठ की बेटी ने देश को दिलाया एक और पदक

 मेरठ की बेटी ने देश को दिलाया एक और पदक

 दी न्यूज़ एशिया समाचार सेवा ।

मेरठ की बेटी ने देश को दिलाया एक और पदक
पैदल चाल में प्रियंका ने झटका रजत

मेरठ।मेरठ की बेटी ने देश को एक और पदक दिलाया है। एथलीट प्रियंका गोस्वामी ने वॉक रेस में रजत पदक हासिल किया है। बेटी के पदक जीतने की खबर लगते ही परिजनों में खुशी का माहौल है।
टोक्यो ओलंपिक में पैदल चाल खिलाड़ी प्रियंका गोस्वामी ने दमदार खेल दिखाया था। भले ही इस प्रतियोगिता में उन्हें पदक न मिला हो, लेकिन दुनिया ने उनका लोहा माना। सोने की उम्मीद से बर्मिंघम में प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने पहुंची प्रियंका गोस्वामी ने 10 किमी पैदल चाल में रजत पदक हासिल किया है।
पैदल चाल में प्रियंका गोस्वामी के पदक जीतने के बाद परिजनाें ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। वहीं उनके घर पर मुबारकबाद देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिजनों ने वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे भी लगाए। उनकी जीत की खुशी में परिजनों और रिशतेदारों ने उनके आवास पर पहंचकर ढोल-नगाड़ों के साथ डांस किया।
प्रियंका ने 10 किमी. पैदल चाल में 43:38:83 मिनट के साथ यह सफलता हासिल की है। जबकि 42:34:30 मिनट के साथ ऑस्ट्रेलिया की जेमिमा मोतांग ने स्वर्ण व केन्या की एमिली ने 43:50:86 मिनट के साथ कांस्य पदक झटका है। इस सफलता के बाद पिता मदनपाल गोस्वामी की आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे। परिजन बोले बेटी ने परिवार का नाम विदेश में रोशन किया।  
प्रियंका की जीत पर पीएम मोदी ने दी बधाई
 प्रियंका की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि हमारी राष्ट्रीय पैदल चाल चैपिंयन प्रियंका गोस्वामी को रजत पदक जीतने पर बधाई। इस पदक को प्राप्त करने के साथ वह अनेक युवाओं को इस खेल को और अधिक ऊंचाईयों पर ले जाने के लिए प्रति प्रेरित करेंगी। उम्मीद है कि प्रियंका नई ऊंचाईयों को छूते हुए भविष्य में सफलता हासिल करेंगी।