डिप्टी सीएम ने किया जिला अस्पताल का निरीक्षण

दी न्यूज़ एशिया समाचार सेवा।
डिप्टी सीएम ने किया जिला अस्पताल का निरीक्षण
बोले- मरीज रेफर किया तो रजिस्टर में लिखना होगा कारण
मुजफ्फरनगर।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक सोमवार को जिले के दौरे पर हैं। उन्होंने यहां पहुंचकर सबसे पहले जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इससे पहले रविवार को छुट्टी के बावजूद स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय में कर्मचारी अस्पताल को चकाचक बनाने में जुटे रहे। अस्पताल परिसर में जगह-जगह साफ-सफाई और वॉल पेटिंग का कार्य किया गया।
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से बातचीत की और स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जाना। पाठक ने कहा कि डॉक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि अगर किसी मरीज को रेफर कर रहे हैं तो रजिस्टर में इसके कारण का उल्लेख होना चाहिए। रेफर सिर्फ जरूरी होने पर ही किया जाए।
उन्होंने कहा कि मरीज को अस्पताल में बेहतर से बेहतर इलाज मिलना चाहिए। अस्पताल के मामलों की बिंदुवार समीक्षा की जा रही है। डीएम और सीएमओ को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का है।
स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक करीब 10 बजे जिले में पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया। इसके बाद वह सबसे पहले जिला चिकित्सालय पहुंचे और निरीक्षण किया। इसके बाद वह भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला के आवास पर कार्यकार्ताओं के साथ भेंट करेंगे। उसके बाद वहलना जैन मंदिर में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।