ग्राहक चेतना ट्रस्ट के साथ मिलकर पुलिस अधिकारियों ने मुंबई और इंदिरापुरम में प्रतिबंधित सिगरेट किए बरामद

दी न्यूज़ एशिया समाचार सेवा।
ग्राहक चेतना ट्रस्ट के साथ मिलकर पुलिस अधिकारियों ने मुंबई और इंदिरापुरम में प्रतिबंधित सिगरेट किए बरामद
ग़ाज़ियाबाद। ग्राहक चेतना ट्रस्ट द्वारा दी गई खुफिया जानकारी की मदद से स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने एक संयुक्त अभियान चलाकर मुंबई और इंदिरापुरम (ग़ाज़ियाबाद) में प्रतिबंधित सिगरेट की तस्करी का खुलासा किया। सभी के खिलाफ संबंधित पुलिस स्टेशनों पर एफआईआर दर्ज कराई गयी है।
इन घटनाओं के बारे में ग्राहक चेतना ट्रस्ट के प्रिंसिपल ट्रस्टी सुरेश कौशिक ने कहा, ‘‘हम कानून प्रवर्तन एजेंसी की सराहना करते हैं, जिन्होंने हमारी खुफिया जानकारी के आधार पर इन मामलों में कार्रवाई की। सिगरेट के गैर कानूनी व्यापार को रोका जाना और कठोर कदम उठाकर इस खतरे को दूर किया जाना बहुत जरूरी है। हम भारत में जाली, प्रतिबंधित सामान के बारे में ग्राहकों की जागरुकता और शिक्षा बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सिगरेट का गैरकानूनी व्यापार जन स्वास्थ्य और समाज के लिए एक गंभीर और लगातार बढ़ता हुआ खतरा है। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान होता है, वैधानिक व्यवसायों को नुकसान पहुँचता है, और उपभोक्ता ऐसे उत्पादों के संपर्क में आते हैं, जो किसी नियम के दायरे में नहीं।”
पुलिस अधिकारियों द्वारा जुहू मुंबई में जुहू चर्च रोड पर विजय पान और इर्ला मार्केट में विनोद पान शॉप पर छापेमारी की गई। गाजियाबाद के इंद्रापुरम में त्यागी मार्केट, वासुदेव जनरल स्टोर, गंगा राम शॉप, पान पैलेस और देव पान जैसी अनेक जगहों पर छापेमारी कर बड़ी संख्या में प्रतिबंधित सिगरेट बरामद किए गए। मुख्य संदिग्धों के खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए एफआईआर दर्ज करायी गई है।