अलीगढ़ में भाजपा नेता समेत 6 अरेस्ट

अलीगढ़ में भाजपा नेता समेत 6 अरेस्ट

पूर्व विधायक की हत्या को 25 लाख की सुपारी

दी न्यूज़ एशिया समाचार सेवा।

अलीगढ़ में भाजपा नेता समेत 6 अरेस्ट
बुलंदशहर से बुलाए थे शूटर
अलीगढ़।
अलीगढ़ में पूर्व विधायक प्रमोद गौड़ की हत्या के लिए 25 लाख की सुपारी दी गई थी। भाजपा नेता और खैर नगरपालिका चेयरमैन संजीव अग्रवाल गौड़ की हत्या करना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने बुलंदशहर से शूटर बुलाए थे। शूटर शहर के होटल में पहुंच चुके थे।
पूर्व विधायक की रेकी भी शुरू कर दी थी। एक-दो दिन में वारदात को अंजाम दिया जाना था। हालांकि, उससे पहले ही बुधवार को पुलिस ने संजीव समेत 6 लोगों को अरेस्ट कर लिया। पुलिस के इस खुलासे के बाद अलीगढ़ की सियासत में खलबली मच गई है।
एसपी ग्रामीण पलाश बंसल ने बताया, "पूर्व विधायक प्रमोद गौड़ की हत्या के लिए भाजपा नेता संजीव अग्रवाल ने 25 लाख की सुपारी दी थी। एडवांस में 1.60 लाख रुपए दिए थे। बुलंदशहर से आए शूटर अलीगढ़ में ही एक होटल में रुके थे। लगातार विधायक पर नजर रख रहे थे। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में अवैध असलहा, एडवांस की रकम, दो बाइक और कार बरामद की गई है।"
प्रमोद गौड़ ने जताई थी हत्या की आशंका
खैर क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रमोद गौड़ ने 27 अगस्त को खैर थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने खुद की हत्या की आशंका व्यक्त की थी। इसमें उन्होंने नगर पालिका चेयरमैन संजीव समेत कई लोगों के नाम लिखे थे। प्रमोद की तहरीर को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मामले की जांच में जुट गई। सादी वर्दी में पुलिस लगातार उन पर नजर रख रही थी।
पुलिस टीम लगातार प्रमोद और उनके आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। इसमें उन्होंने पाया कि लगातार प्रमोद की रेकी की जा रही है। पुलिस ने सीसीटीवी साक्ष्य जुटाए। इसमें विकास उर्फ बॉकी और राहुल शर्मा बाइक और कार से लगातार विधायक पर नजर रख रहे थे। इसके बाद पुलिस इनके पीछे लग गई और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
भ्रष्टाचार की शिकायत करने पर हुई रंजिश
प्रमोद गौड़ इस साल विधानसभा के चुनाव में बरौली से रालोद के टिकट पर चुनाव लड़े थे। बीते दिनों उन्होंने चेयरमैन संजीव की शिकायत की थी। इसमें सिंचाई विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप था। आरोपी ने सिंचाई विभाग के नाले को बंद करवाकर उस पर अवैध रूप से सड़क निर्माण करा दिया। ताकि, उनके द्वारा बनाई गई कालोनी को लाभ मिल सके। जांच में आरोप सही साबित हुए। इसके बाद से ही चेयरमैन और पूर्व विधायक के बीच रंजिश हो गई थी।
बुलंदशहर से आए थे शार्प शूटर
चेयरमैन ने पूर्व विधायक की हत्या के लिए बुलंदशहर के पेशेवर अपराधियों से हत्या कराने की साजिश रची थी। आरोपी अलीगढ़ आकर होटल में रुके थे। पुलिस ने चेयरमैन संजीव अग्रवाल उर्फ बिंटू, खैर निवासी ठेकेदार विकास शर्मा उर्फ बॉबी, बुलंदशहर खुर्जा निवासी राजकुमार जाट आढ़ती को गिरफ्तार किया है। इनके साथ हत्या करने आए 3 शूटरों को भी गिरफ्तार किया गया है।
सभी शूटर बुलंदशहर के ही रहने वाले हैं। इसमें कृष्णा नगर देवीपुरा निवासी राहुल शर्मा, थाना सिकंदराबाद निवासी करन सैनी और देवीपुरा प्रथम निवासी संजय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये सभी पेशेवर अपराधी हैं।
हिस्ट्रीशीटर राजकुमार ने हायर किए शूटर
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार राजकुमार हिस्ट्रीशीटर है। वह कई बार जेल जा चुका है। राजकुमार ने ही हत्या के लिए बुलंदशहर से अपराधियों को बुलाया था। राजकुमार की मुलाकात संजय शर्मा और राहुल शर्मा से जेल में रहने के दौरान ही हुई थी। जेल से छूटने के बाद सभी मिलकर फिर क्राइम करने लगे।
हत्या की डील फाइनल होने के बाद आरोपी 6 अगस्त को अलीगढ़ आए थे। यहां पर उन्हें खैर के एक होटल में रुकवाया गया। होटल में ही आरोपी चेयरमैन संजीव अग्रवाल ने उनसे मुलाकात की। उन्हें एडवांस के रुपए और हथियार दिए।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया, "सभी आरोपियों के खिलाफ डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। कुछ और नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।"