मेरठ में महिला वकील की गोली मारकर हत्या,अधिवक्ताओ में रोष, ससुरालियों से चल रहा था विवाद
दी न्यूज़ एशिया समाचार सेवा ।
महिला वकील की गोली मारकर हत्या, ससुरालियों से चल रहा था विवाद
मेरठ। आज बुधवार सुबह महिला वकील की घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी। गेट पर ही हमलावरों ने सिर में गोली मारी। सुबह 6.30 बजे खून से लथपथ लाश देखकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस महिला को अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घटना टीपीनगर इलाके की न्यू मेवला कॉलोनी की है। मृतका का नाम अंजली गर्ग था। उम्र 35 साल थी। पड़ोसियों ने बताया कि अंजली दूध लेने सुबह जाती थीं। वह दूध लेकर लौट रही थीं। गेट का ताला भी नहीं खोल पाई थी, तभी हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही अंजली गेट पर गिर पड़ी। टीपीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि अंजली की शादी चार्टर्ड एकाउंटेंट नितिन गर्ग से हुई थी। वह दिल्ली में नौकरी करता था। हालांकि, अंजली का पति से तलाक हो चुका था। तलाक के बाद वह घर में अकेली रहती थी। अंजली कचहरी में वकील थीं। पड़ोसियों ने बताया कि उनका पति और ससुर से 7-8 साल से मकान को लेकर विवाद चल रहा था। अभी जिस घर में अंजली रहती थी, वह मकान उसके ससुर का था। इसमें वो पति के परिवार की मर्जी के बगैर रह रही थी। एसपी सिटी ने बताया कि मकान विवाद को लेकर दोनों पक्ष यानी अंजली और उसके ससुर लगातार एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दे रहे थे। दोनों पक्षों को पुलिस ने पांबद भी किया था। एक बात यह भी सामने आई है कि अंजली कई दिन से पुलिस के पास जा रही थी। उसने अपनी जान का खतरा भी बताया था।
दो संदिग्ध लड़के स्कूटी पर देखे गए
पड़ोसियों के मुताबिक, अंजली को किसी ने गोली मारते नहीं देखा है। हालांकि, बताया जा रहा है कि सुबह 2 लोग एक स्कूटी से आए थे। स्कूटी ड्राइवर ने मास्क लगाया हुआ था। पीछे बैठे आदमी ने रुमाल से मुंह बांधा हुआ था। पीछे बैठे आदमी ने पिट्ठू बैग भी ले रखा था। पड़ोसियों ने बताया की गोली चलने की आवाज काफी तेज आई थी। एक गोली चलने की आवाज ही आसपास के लोगों ने सुनी। बाहर आए तो महिला वकील खून से लपथप गेट पर गिरी थी।
वकील होने के नाते विवादों की भी जांच
महिला वकील की हत्या क्यों की गई? इस सवाल का अभी जवाब नहीं मिल पाया है। पति के साथ विवाद के साथ ही पुलिस इस लाइन पर भी जांच कर रही है कि महिला वकील थी। क्या किसी से और से महिल का विवाद था। महिला का अपने ससुराल जाना-आना पूरी तरह बंद था। लेकिन मायके आती-जाती थी। पहले कभी घर पर ऐसे कोई हमला या विवाद नहीं हुआ। महिला का मायका मेरठ के नौचंदी क्षेत्र में है। पुलिस ने उसके मायके वालों को सूचित कर दिया है।
प्रोफेशनल शूटर्स ने वारदात को दिया अंजाम?
पुलिस अफसर इस मामले में अभी कुछ नहीं बोल रहे हैं। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि जिस तरीके से महिला को गोली मारी गई है। वह प्रोफेशनलर्स शूटर्स का काम लग रहा है। क्योंकि, सीधे सिर में गोली मारी गई। ऐसे में सुपारी किलिंग के एंगल पर भी पुलिस जांच कर रही है।